राग पहाड़ी की धुन पर झूमे लोग
दिल्ली घराना के विश्व विख्यात वायलिन वादक उस्ताद असग़र हुसैन जी ने राग झिंझोटी में आलाप से शुरुआत करते हुए ग्यारह मात्रा की बंदिश, मध्य तथा द्रुत लय में तीन ताल की बंदिशें प्रस्तुत कीं। पहाड़ी राग में धुन सुनाकर उस्ताद असग़र जी ने सबको भावविभोर कर दिया। इनके वादन में गायकी और तंत्र वादन का सुंदर समावेश दिखाई पड़ा। विभिन्न प्रकार के छंद, लयकारियों और तिहाइयों के खूबसूरत मिश्रण ने श्रोताओं तथा दर्शकों की वाहवाही बटोरी।असग़र जी के साथ तबले पर संगत की उस्ताद अख़्तर हसन जी ने जो कि फर्रुखाबाद घराना के उच्च कोटि के कलाकार हैं।
वहीं किराना घराने की सुप्रसिद्ध गायिका डॉ. नलिनी जोशी जी ने राग श्याम कल्याण में एक ताल में निबद्ध विलम्बित ख़याल प्रस्तुत किया जिसके बोल थे...."मंगल नाम श्री गणेश"।इनके गायन ने श्रोताओं को भक्तिभाव में डुबो दिया। उसके बाद उन्होंने तीन ताल में निबद्ध द्रुत ख़याल प्रस्तुत किया। तत्पश्चात् एक ताल में तराना और उसके बाद सूरदास और विद्यापति के भजन से समाँ बाँध दी। उनके साथ तबले पर थे डॉ. श्याम मोहन जी, हारमोनियम पर संगति की श्री सुधीर कुमार जी एवं तानपुरे पर श्रीमती निशिता झा। उत्तराखंड से पधारे श्री सत्येंद्र नामदेव जी के मृदंग वादन और उनके साथ अभिजीत उपाध्याय के नगमा वादन ने भी खूब तालियां बटोरीं। कुमार वंश प्रभात के ध्रुपद गायन तथा उनके साथ मृदंग पर संगति कर रहे श्री आशुतोष उपाध्याय के मृदंग वादन से सभागार गुंजायमान रहा। मौका था....पद्मश्री पंडित सियाराम तिवारी जी की 107वीं जयंती समारोह। सभागार में उपस्थित पंडित जी की बेटियों....श्रीमती आशा पाठक, श्रीमती उषा पाण्डेय तथा श्रीमती विनीता तिवारी ने बताया कि इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न घरानों जैसे दरभंगा घराना, दिल्ली घराना, फर्रुखाबाद घराना, गया घराना, बेतिया घराना, कुदऊ सिंह बनाम अवधी घराना तथा किराना घराना के कालाकारों ने शिरकत की। इस अवसर पर संगीत के क्षेत्र में आजीवन योगदान करने वाली सुप्रसिद्ध सितार वादिका, पूर्व सांसद, मगध महिला महाविद्यालय में संगीत की विभागाध्यक्ष तथा कला विहार संस्था की संस्थापिका विदुषी डॉ. गिरिजा सिंह जी को "लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड वर्ष 2026" से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सभी कलाकारों की प्रस्तुति ने श्रोताओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
0 Response to "राग पहाड़ी की धुन पर झूमे लोग"
एक टिप्पणी भेजें